Article

दिल्ली में मनोज तिवारी के मुकाबले कांग्रेस ने कन्हैया कुमार को उतारा, उदितराज और जयप्रकाश अग्रवाल को भी टिकट

 15 Apr 2024

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने दिल्ली की तीन सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने रविवार देर शाम को 10 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, जिसमें दिल्ली के तीन सीटों के उम्मीदवारों के नाम भी शामिल हैं। कांग्रेस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के लोकसभा क्षेत्र से जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और चर्चित युवा चेहरे कन्हैया कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है। वही चांदनी चौक से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल और उत्तर पश्चिम दिल्ली से उदित राज को प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस आम आदमी पार्टी से गठबंधन के साथ दिल्ली में चुनाव लड़ रही है। 

कन्हैया कुमार 2021 में कांग्रेस शामिल हुए थे। कन्हैया ने 2019 का लोकसभा चुनाव सीपीआई के टिकट पर बिहार के बेगूसराय से लड़ा था। इस बार भी कन्हैया कुमार बेगूसराय से चुनाव लड़ने की सोच रहे थे लेकिन गठबंधन के बँटवारे में बेगूसराय की सीट सीपीआई के हिस्से में चली गई। तभी से यह कयास लगाये जा रहे थे की कांग्रेस कन्हैया कुमार को उत्तर पूर्वी दिल्ली से अपना प्रत्याशी बना सकती है। माना जा रहा कि अगर कन्हैया कुमार लोकसभा चुनाव जीत जाते है तो कांग्रेस को दिल्ली के लिए एक बड़ा पूर्वांचली चेहरा मिल सकता है।


उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र का चुनावी समीकरण

कन्हैया कुमार का मुकाबला भोजपुरी स्टार और वर्तमान सांसद मनोज तिवारी के साथ होगा जो दो बार इस सीट पर बीजेपी के टिकट से जीत चुके हैं। ज़ाहिर है, इस सीट पर कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।  2019 के लोकसभा चुनाव में मनोज तिवारी ने तीन बार की दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराया था।  उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में बिहार और पूर्वी उत्तरप्रदेश के भोजपुरी भाषी लोगों की बड़ी संख्या रहती है जहाँ से कन्हैया कुमार और मनोज तिवारी भी आते हैं। 


दिल्ली में 4-3 के फॉर्मूले पर हो रहा चुनाव

दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे है। आम आदमी पार्टी 4 सीट- नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली से चुनाव लड़ रही है। वही कांग्रेस  चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली से चुनाव लड़ रही है। दिल्ली की सीटों पर बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठबंधन प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है।  


नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती का मुकाबला बीजेपी की बांसुरी स्वराज से, पूर्वी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार का मुकाबला बीजेपी के हर्ष मल्होत्रा से, पश्चिमी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के महाबल मिश्रा का मुकाबला बीजेपी की कमलजीत सहरावत से, दक्षिणी दिल्ली से आम आदमी पार्टी के सहीराम पहलवान का मुकाबला बीजेपी  के रामवीर सिंह बिधूड़ी से, चांदनी चौक में कांग्रेस के जेपी अग्रवाल का मुकाबला बीजेपी के प्रवीण खंडेलवाल से, उत्तर पूर्वी दिल्ली में कांग्रेस की कन्हैया कुमार मुकाबला बीजेपी के मनोज तिवारी से,  उत्तर पश्चिम दिल्ली कांग्रेस के उदित राज का मुकाबला बीजेपी के योगेंद्र चंदोलिया से होगा। दिल्ली में 25 मई को छठे चरण में मतदान होगा।